*मुंगेली में 25 शिक्षकों से 3.55 लाख की वसूली का आदेश, BEO ने 3 दिन में मांगा सहमति पत्र

*मुंगेली, 30 सितंबर।* विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली ने विकासखंड के 25 प्रधान पाठक / सहायक शिक्षकों को क्रमोन्नत वेतनमान के गलत निर्धारण के कारण हुए अधिक भुगतान की वसूली के लिए नोटिस जारी किया है।
कार्यालयीन आदेश क्र./स्थापना/रिकवरी/2026/4169-4170 दिनांक 30/09/2026 के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली द्वारा किए गए परीक्षण में पाया गया कि अवधि 01.05.2013 से 30.06.2018 तक अनाधिकृत रूप से अधिक वेतन का भुगतान किया गया है। गणना पत्रक के अनुसार प्रत्येक शिक्षक/कर्मचारी से कुल *3,55,683 रुपये (तीन लाख पचपन हजार छः सौ तिरासी मात्र)* की राशि शासकीय कोष में रिकवरी योग्य पाई गई है।
आदेश में कहा गया है कि उक्त राशि की वापसी हेतु पत्र प्राप्ति के *03 दिवस के भीतर* स्पष्ट लिखित विकल्प/सहमति पत्र प्रस्तुत करें कि :
1. उक्त संपूर्ण राशि की वेतन के माध्यम से मासिक किस्तों में कटौती की जावे।
2. अथवा, उक्त राशि को चालान के माध्यम से शासकीय लेखा शीर्ष में एकमुश्त जमा किया जावेगा।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित 03 दिवस में सहमति पत्र प्राप्त नहीं होने पर यह मान लिया जाएगा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और आगामी माह के वेतन से नियमानुसार कटौती की प्रक्रिया स्वतः प्रारंभ कर दी जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।


