Advertisement Carousel

गरियाबंद में अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की बैठक, एम.आर. खान बने जिला संयोजक
12 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय रैली की तैयारियों पर हुई चर्चा, 3 नवंबर को पटवारी संघ के आंदोलन को भी फेडरेशन का समर्थन

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की महत्वपूर्ण बैठक गरियाबंद स्थित विश्राम गृह में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की लंबित मांगों और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से एम.आर. खान को अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन का नया जिला संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में प्रांतीय पर्यवेक्षक एवं फेडरेशन के प्रांतीय महासचिव चंद्रशेखर तिवारी, पंकज पांडे, संतोष वर्मा, गजेन्द्र साहू, खुमान ठाकुर सहित जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दिल्ली की राष्ट्रीय रैली में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान
बैठक के दौरान प्रांतीय महासचिव चंद्रशेखर तिवारी ने आगामी 12 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन एवं विशाल रैली की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने केंद्र एवं राज्य स्तर पर कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर एकजुटता प्रदर्शित करने और अधिकाधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर रैली में शामिल होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं।
एम.आर. खान को मिली नई जिम्मेदारी
सर्वसम्मति से जिला संयोजक नियुक्त किए जाने पर एम.आर. खान ने फेडरेशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पटवारी संघ के आंदोलन को फेडरेशन का समर्थन
बैठक में पटवारी संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए जा रहे अनिश्चितकालीन आंदोलन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गुलशन यदु ने फेडरेशन से आंदोलन को समर्थन देने की मांग की।
इस पर अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने स्वस्फूर्त समर्थन देने का निर्णय लिया। साथ ही 3 नवंबर को एक दिवसीय अवकाश लेकर पटवारी संघ की रैली एवं आंदोलन में शामिल होने का आश्वासन दिया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी रहे मौजूद
बैठक में अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के जिला महासचिव बसंत त्रिवेदी, मनोज खरे, लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बसंत मिश्रा, स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष देवकुमार पढ़ौती, उमाशंकर साहू, खिलेंद्र साहू, एनएचएम कर्मचारी संघ के अमृत भोंसले, शिवशंकर पटेल, बलदाऊ कौशले, तुलेश कोमर्रा, मुकेश साहू, डोरेश मेहरा, राधिका बंजारे, अजय चेलक, पुरंदर वर्मा, नकुल वर्मा सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में संगठनात्मक एकजुटता, कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

Share.