छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/ समग्र शिक्षक फेडरेशन ने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों के मानदेय एवं अर्जित अवकाश की मांग।
दुर्ग, 24 जून 2026। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक, समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला इकाई दुर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने जिला जनगणना अधिकारी व अपर कलेक्टर दुर्ग वीरेंद्र सिंह से जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में संलग्न कर्मचारियों के लंबित मानदेय भुगतान शीघ्र जारी करने व ग्रीष्मकालीन अवकाश में कार्य करने वाले शिक्षकों को अनुपातिक अर्जित अवकाश प्रदान करने की मांग की है।
फेडरेशन के जिला अध्यक्ष कृष्ण वर्मा ने बताया कि जिले के अनेक कर्मचारी जनगणना कार्य में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में निर्धारित अवधि में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारियों को अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
फेडरेशन ने जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की है कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लंबित बिलों का शीघ्र निराकरण कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
फेडरेशन ने कहा है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ योगदान दिया है, इसलिए उनके वैधानिक देयकों का समय पर भुगतान किया जाना आवश्यक है। संगठन को विश्वास है कि जिला प्रशासन कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, जिला पदाधिकारी कमल वैष्णव, ब्लॉक अध्यक्ष पाटन चेतन सिंह परिहार,राहुल झा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


