Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों का नया मॉडल तैयार, अब 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल होंगे शुरू; पहली से 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम में होगी पढ़ाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को नया स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश सरकार अब सरकारी स्कूलों में एक और नया मॉडल जोड़ने जा रही है। इसके तहत आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश में 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल शुरू करने की योजना है। इन स्कूलों में पहली से 12वीं तक की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम में होगी।

इस योजना के लागू होने के बाद प्रदेश में सरकारी स्कूलों के चार अलग-अलग मॉडल संचालित होंगे। इनमें पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए एकलव्य इंग्लिश स्कूल, कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल और वर्तमान भाजपा सरकार की ओर से विकसित किए जा रहे स्वामी विवेकानंद स्कूल शामिल होंगे।

100 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित

स्वामी विवेकानंद स्कूल योजना के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट रखा है। पहले इस योजना को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण इसे एक वर्ष आगे बढ़ा दिया गया है। अब 2027-28 से 150 स्कूल शुरू करने की योजना है।

क्या होंगे चारों मॉडल स्कूलों के स्वरूप?

1. एकलव्य इंग्लिश स्कूल

करीब 10 से 12 वर्ष पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में 207 एकलव्य इंग्लिश स्कूल शुरू किए गए थे। इनमें 103 प्राथमिक और 104 पूर्व माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में छठवीं कक्षा तक पढ़ाई होती है।

2. स्वामी आत्मानंद स्कूल

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद स्कूलों की संख्या वर्तमान में 751 बताई गई है। इनमें 403 अंग्रेजी माध्यम और 348 हिंदी माध्यम के स्कूल हैं। कई स्कूलों में दोनों माध्यमों की कक्षाएं अलग-अलग पालियों में संचालित होती हैं।

3. स्वामी विवेकानंद स्कूल

वर्तमान भाजपा सरकार की योजना के तहत 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल शुरू किए जाएंगे। इनमें पहली से 12वीं तक की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम में होगी। आत्मानंद स्कूलों की तरह यहां हिंदी माध्यम की अलग कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।

4. सामान्य सरकारी स्कूल

प्रदेश में पहले से संचालित सामान्य सरकारी स्कूल भी शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बने रहेंगे। सरकार इन स्कूलों के साथ नए मॉडल स्कूलों का संचालन करेगी।

एक ही परिसर में पहली से 12वीं तक की पढ़ाई

स्वामी विवेकानंद स्कूलों की खासियत यह होगी कि पहली से 12वीं तक की सभी कक्षाएं एक ही परिसर में संचालित होंगी। इससे विद्यार्थियों को प्राथमिक से उच्च माध्यमिक स्तर तक एक ही संस्थान में पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा।

प्रवेश, शिक्षकों की नियुक्ति और ड्रेस कोड के नियम बनेंगे

स्कूल शिक्षा विभाग इन नए स्कूलों के संचालन के लिए नियम तैयार कर रहा है। इसमें प्रवेश प्रक्रिया, सीटों की संख्या, शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदस्थापना और विद्यार्थियों की ड्रेस कोड से जुड़े प्रावधान तय किए जाएंगे।

सरकार की योजना है कि स्वामी विवेकानंद स्कूलों को सामान्य सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद स्कूलों से अलग पहचान एवं विशेष सुविधाओं के साथ विकसित किया जाए।

अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि 150 प्रस्तावित स्वामी विवेकानंद स्कूलों के लिए प्रवेश प्रक्रिया, शिक्षकों की नियुक्ति और अधोसंरचना संबंधी नियम कब तक जारी किए जाते हैं।

उक्त खबर एक प्रतिष्ठित अखबार से लिया गया है।

 

Share.