Advertisement Carousel

    पंडरिया विधायक भावना बोहरा से मिले शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल, 99 माह के DA एरियर्स भुगतान की उठाई मांग
    केंद्र के समान महंगाई भत्ता देय तिथि से देने की मांग, विधायक ने राज्य सरकार से चर्चा कर आवश्यक पहल करने का दिया आश्वासन

    कवर्धा। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ ने प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों के लंबित महंगाई भत्ता (DA) एरियर्स के भुगतान तथा केंद्र सरकार के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता देने की मांग को लेकर पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार के समक्ष कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से रखने का आग्रह किया।
    99 माह के लंबित DA एरियर्स भुगतान की मांग
    छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के दुर्ग संभाग प्रभारी एवं संभाग अध्यक्ष विनोद गुप्ता तथा कबीरधाम जिलाध्यक्ष धनुक वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात की।
    ज्ञापन में जनवरी 2017 से जुलाई 2026 तक के लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स का भुगतान करने की मांग की गई। संघ का कहना है कि प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों को महंगाई भत्ते का लाभ केंद्र सरकार के समान देय तिथि से मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
    विधायक भावना बोहरा ने दिया आश्वासन
    प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भावना बोहरा को कर्मचारियों एवं शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराते हुए इस विषय पर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की मांग की।
    प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने मामले को गंभीरता से लेने तथा राज्य सरकार से चर्चा कर कर्मचारियों एवं शिक्षकों के हित में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
    महंगाई के दौर में एरियर्स भुगतान जरूरी
    शिक्षक संघ ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स उनके आर्थिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए राज्य सरकार को लंबित एरियर्स का शीघ्र भुगतान करना चाहिए। साथ ही भविष्य में केंद्र सरकार के समान देय तिथि से महंगाई भत्ते का लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
    इस अवसर पर लतीफ हुसैन कुरैशी, ननक धुर्वे, प्रमोद धुर्वे, छत्रपाल तिवारी, नेपाल सिंह धुर्वे, रामबिलास गजराज, छोटेलाल पाटिल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
    उक्त जानकारी छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के कबीरधाम जिलाध्यक्ष धनुक वर्मा ने दी।

    Share.