*cgschool.in पोर्टल और VSK एप को लेकर शिक्षा संचालनालय का सख्त आदेश, 5 दिन में अपडेट करना होगा प्रोफाइल*

*नवा रायपुर, 19 सितंबर।* लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने विभागीय पोर्टल *cgschool.in* और ऑनलाइन उपस्थिति एप *VSK App* को लेकर एक सख्त आदेश जारी किया है। संचालक द्वारा 18.09.2026 को जारी पत्र क्रमांक /एम.आई.एस./N-123/475 में सभी संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और आहरण संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
*क्या है आदेश में?*
संचालनालय ने कहा है कि विभाग में कार्यरत समस्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों का सेवा विवरण की प्रविष्टि और सत्यापन http://cgschool.in पोर्टल में किया जाना है। इसी पोर्टल की जानकारी का उपयोग विभागीय योजनाओं में किया जाएगा।
लेकिन देखने में आ रहा है कि किसी कर्मचारी के *स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति, मृत्यु, निलंबन या बहाली* होने पर पोर्टल और VSK एप / आधार बायोमेट्रिक अटेंडेंस एप में उसका प्रोफाइल अपडेट नहीं किया जा रहा है।
*अब 5 दिन के भीतर करना होगा ये काम*
संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी की कार्यरत स्थिति या संस्था में परिवर्तन होता है तो संबंधित कार्यालय को *तत्काल विभागीय पोर्टल और VSK एप में प्रोफाइल को अद्यतन करते हुए 5 दिवस के भीतर कार्य पूर्णता प्रमाण* भेजना अनिवार्य होगा।
इसी तरह भविष्य में भी किसी भी शैक्षणिक/गैर शैक्षणिक कर्मचारी के सेवा विवरण (प्रोफाइल) में कोई भी परिवर्तन होता है तो उसे तुरंत पोर्टल और ऑनलाइन उपस्थिति एप में अपडेट करना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस आदेश के बाद उन लापरवाह कार्यालयों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है जो समय पर पोर्टल अपडेट नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण ऑनलाइन हाजिरी और अन्य विभागीय कार्यों में दिक्कत आ रही थी।


