Advertisement Carousel
    What's Hot

    गरियाबंद जिले में अतिवृष्टि को देखते हुए 26 सितंबर शनिवार को छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने विद्यालयों में अवकाश की मांग की –

    गरियाबंद। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव, सड़क मार्गों पर बाधा तथा नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने दिनांक 26 सितंबर 2026, शनिवार को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार चंद्राकर से आदेश जारी करने की मांग की है।

    एसोसिएशन का कहना है कि अतिवृष्टि की स्थिति में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा कई विद्यार्थी एवं शिक्षक नदी-नालों और जलभराव वाले मार्गों से होकर विद्यालय पहुंचने के लिए मजबूर होते हैं। त्रैमासिक परीक्षा के चलते विद्यार्थी परीक्षा से अनुपस्थित न हो जाएं, इस चिंता में खराब मौसम के बावजूद विद्यालय पहुंचते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है।

    एसोसिएशन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में विद्यालयों में अवकाश का निर्णय समय रहते लिया जाए और आदेश तत्काल सभी विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों तक स्पष्ट रूप से प्रसारित किया जाए। इससे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अनावश्यक जोखिम उठाकर विद्यालय आने की स्थिति से बचाया जा सकेगा।

    संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि 26 सितंबर 2026 शनिवार को अतिवृष्टि एवं प्रतिकूल मौसम को देखते हुए गरियाबंद जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने संबंधी आदेश शीघ्र जारी किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी परिस्थितियों के लिए स्पष्ट आपदा प्रबंधन व्यवस्था एवं त्वरित निर्णय की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

    इस संबंध में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सोनवानी, नंदकुमार रामटेके, सुरेश केला, संजय यादव एवं दिनेश निर्मलकर ने जिला प्रशासन से विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक निर्णय लेने की मांग की है।

    Share.