Advertisement Carousel

आत्मानंद स्कूल भर्ती 2026: 1346 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी, 4 दिसंबर तक ज्वाइनिंग के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने 1346 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 4 दिसंबर 2026 तक अपने आवंटित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा।

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम 16 नवंबर को जारी हुआ था तथा 21 नवंबर को जिलेवार चयन सूची प्रकाशित की गई थी।

दस्तावेज सत्यापन में 1346 अभ्यर्थी पात्र

कुल 1731 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था। सत्यापन में 1346 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, जबकि 40 अभ्यर्थी अपात्र और 201 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं 144 अभ्यर्थियों का एक से अधिक पदों पर चयन होने के कारण उन्होंने एक पद छोड़ दिया।

पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर 27 नवंबर को जिला मुख्यालयों में काउंसलिंग आयोजित की गई। इसके बाद 1346 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं।

385 रिक्त पदों पर दूसरी चयन सूची 1 दिसंबर को

भर्ती प्रक्रिया में रिक्त हुए 385 पदों को भरने के लिए विभाग 1 दिसंबर 2026 को दूसरी चयन सूची जारी करेगा। दूसरी सूची में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 4 दिसंबर को संबंधित जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • पहली सूची के चयनित अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग: 4 दिसंबर 2026 तक
  • दूसरी चयन सूची जारी होने की तिथि: 1 दिसंबर 2026
  • दूसरी सूची का दस्तावेज सत्यापन: 4 दिसंबर 2026

विभागीय वेबसाइट: https://eduportal.cg.nic.in/

स्रोत: लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, आदेश दिनांक 28 नवंबर 2026।

दख़ल छत्तीसगढ़ | शिक्षा एवं रोजगार समाचार

Share.