VSK ऐप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करना पड़ा भारी, लेखापाल निलंबित
राजनांदगांव DEO की बड़ी कार्रवाई, कारण बताओ नोटिस का जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबन के आदेश जारी
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने को लेकर शिक्षा विभाग सख्त रुख अपना रहा है। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले में जिला शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसतारा में पदस्थ लेखापाल मोरेश्वर गोसाई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 20 नवंबर 2026 को जारी निलंबन आदेश के अनुसार, उच्च कार्यालय से प्राप्त सूची में श्री गोसाई की VSK ऐप में उपस्थिति दर्ज नहीं होने का मामला सामने आया था। इस संबंध में उन्हें कार्यालयीन पत्र क्रमांक 2101/9611/2026, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के माध्यम से कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था।
रायपुर और दुर्ग में विभागीय कार्य का दिया था हवाला
कारण बताओ नोटिस के जवाब में संबंधित कर्मचारी ने रायपुर एवं दुर्ग में विभागीय कार्य से आने-जाने का कारण बताया था। हालांकि, आदेश में उल्लेख किया गया है कि VSK ऐप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने के संबंध में उनके द्वारा कोई ठोस अभिलेखीय प्रमाण अथवा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।
आदेश के मुताबिक, शासन के निर्देशों के बावजूद VSK ऐप में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपस्थिति दर्ज नहीं करना, कारण बताओ नोटिस के जवाब का असंतोषजनक पाया जाना तथा निर्धारित कार्यालयीन प्रक्रिया एवं निर्देशों की अवहेलना करना पदस्थ दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है।
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत आचरण मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत मोरेश्वर गोसाई को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
VSK ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर विभाग की सख्ती लगातार जारी है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और विभागीय प्रक्रियाओं का पालन करने में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।


