Advertisement Carousel

कौंदकेरा/फिंगेश्वर। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 211वीं बटालियन द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम कौंदकेरा में स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडित मिलऊंदास कोसरिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 90 पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. विनोद कुमार टंडन, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमांडेंट इनचार्ज, 211वीं बटालियन ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम कौंदकेरा में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ स्वच्छता शपथ लेकर हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया।

जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर किया पौधारोपण

पौधारोपण कार्यक्रम में CRPF की 211वीं बटालियन के 40 से अधिक जवानों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों सहित 100 से अधिक लोगों ने सहभागिता निभाई।

इस दौरान ग्राम पंचायत कौंदकेरा की सरपंच राधिका मनोज यादव, जनपद सदस्य चंद्रिका कुर्रे, रोजगार सहायक चमेली साहू, पंचायत सचिव, राज्यपाल शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी, ग्राम विकास समिति के उपाध्यक्ष सनत कुमार चेलक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट इकबाल अहमद और उप कमांडेंट गुलशन शर्मा सहित 211वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

17 सितंबर से चल रहा था स्वच्छता अभियान

‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 से विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को अभियान का समापन स्वच्छता, पौधारोपण और जनभागीदारी के संदेश के साथ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।

डॉ. विनोद कुमार टंडन ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विनोद कुमार टंडन ने कहा कि स्वच्छता केवल सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पौधारोपण को केवल सरकारी अभियान न मानकर प्रत्येक नागरिक को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। लोगों से अपने आसपास गंदगी न फैलाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

उन्होंने ग्रामीणों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक कर्मियों तथा CRPF के अधिकारियों और जवानों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन में अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

Share.