जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य हेतु बरमकेला के कर्मचारी सम्मानित।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आयोजित जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के सम्मान समारोह में नगर पंचायत बरमकेला के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
नगर पंचायत बरमकेला के चार्ज अधिकारी दीपक विश्वकर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं मास्टर ट्रेनर/फील्ड ट्रेनर नंदकिशोर पटेल की सतत मेहनत एवं समर्पण का सकारात्मक परिणाम सामने आया। नगरीय क्षेत्र बरमकेला से फील्ड ट्रेनर नंदकिशोर पटेल, पर्यवेक्षक मोहन प्रधान तथा प्रगणक तरुण पटेल को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
यह सम्मान कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ पद्मावती भोई साहू द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में जिलेभर के जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
इस उपलब्धि पर नगर पंचायत बरमकेला सहित क्षेत्र के कर्मचारियों एवं नागरिकों में हर्ष व्याप्त है। सभी ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दी हैं।


