शासकीय प्राथमिक शाला महेंद्रगढ़ में मनाई गई जननायक अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने किया महान क्रांतिकारी के योगदान को याद, संस्था प्रमुख इदरीश खान ने उलगुलान आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व पर डाला प्रकाश
महेंद्रगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला महेंद्रगढ़ में जननायक एवं अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग, बलिदान और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्रधान पाठक इदरीश खान ने भगवान बिरसा मुंडा को महान जननायक बताते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके नेतृत्व में चलाया गया ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, सामाजिक जागरूकता और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशप्रेम, स्वाभिमान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता रहेगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, उनके संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।


