Advertisement Carousel

रायगढ़ जिले के सभी विकासखंडों में कल “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा”
सहायक शिक्षक एवं शिक्षक संवर्ग कल मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं सचिव को सौंपेंगे महत्वपूर्ण ज्ञापन

TET बाध्यता से छूट, रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने एवं ‘मोदी की गारंटी’ के अनुरूप वेतन विसंगति दूर करने की मांग
रायगढ़, 21 अगस्त 2026:-
प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में पूर्ण निष्ठा से सेवारत शिक्षक संवर्ग कल छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र/ शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले (22 अगस्त 2026) रायगढ़ जिले के सभी विकासखंडों में “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा” का आयोजन करेंगे। इसी दिन माननीय मुख्यमंत्री महोदय, माननीय शिक्षा मंत्री महोदय तथा सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
ज्ञापन में दीर्घकाल से लंबित न्यायोचित मांगों के त्वरित निराकरण की अपील की जाएगी।
मुख्य मांगें:
TET बाध्यता से छूट एवं रुकी हुई पदोन्नति
पूर्व से सेवारत शिक्षकों के सेवा हितों की रक्षा करते हुए उन्हें TET की अनिवार्यता से विधिवत छूट दी जाए। वरिष्ठता क्रम के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमों के तहत रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया को निश्चित समय-सीमा के साथ अविलंब पूर्ण किया जाए।
वेतन विसंगति निवारण एवं पूर्व सेवा गणना
‘मोदी की गारंटी’ (संकल्प पत्र) की घोषणा के अनुरूप सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का तत्काल स्थायी समाधान किया जाए। प्रथम नियुक्ति तिथि से समस्त पूर्व सेवा अवधि की गणना करते हुए क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान एवं पुरानी पेंशन का संपूर्ण लाभ प्रदान किया जाए।
शिक्षक संवर्ग का कहना है कि ये मांगें न केवल लाखों शिक्षकों के भविष्य से जुड़ी हैं, बल्कि प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता तथा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी आवश्यक हैं। ज्ञापन में प्रदेश शासन से संवेदनशीलतापूर्वक विचार कर यथाशीघ्र आवश्यक नीतिगत निर्णय एवं प्रशासनिक आदेश जारी करने का आग्रह किया जाएगा।
शिक्षक प्रतिनिधि मंडल ने स्पष्ट किया कि दीर्घकाल से चली आ रही इन समस्याओं का समाधान विलंब किए बिना किया जाना चाहिए, ताकि शिक्षकों का मनोबल बना रहे और शिक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से चले। कल जिले के सभी विकासखंडों में निकलने वाली पदयात्रा के माध्यम से शिक्षक अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सामने रखेंगे।
रायगढ़ जिले के जिलाध्यक्ष सी.पी. (राहुल) डनसेना ने जिले के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के शिक्षकों से अपील की है कि वे अपने-अपने विकासखंड की न्याय पदयात्रा में जरूर शामिल हों और अपनी आवाज बुलंद करें।

Share.