प्रकृति शिक्षण विज्ञान में खोजी विद्यार्थी के रूप में किरण सेन का राज्य अलंकरण सम्मान हेतु चयन।
(परिवार एवं समाज में खुशी कि लहर सबने दिया बधाई, कुरुद धमतरी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होंगी सम्मानित)
बलौदाबाजार/भरसेला(पलारी)। प्रकृति शिक्षण विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं रचनात्मक प्रतिभा के लिए भरसेला निवासी कु. किरण सेन का खोजी विद्यार्थी के रूप में राज्य अलंकरण सम्मान हेतु चयन हुआ है। उनके चयन से क्षेत्र एवं सेन समाज में हर्ष का माहौल है।
22 वर्षीय किरण सेन, श्री कृष्ण कुमार सेन की पुत्री हैं तथा वर्तमान में बी.एससी. नर्सिंग चतुर्थ वर्ष (7वें सेमेस्टर) की अध्ययनरत छात्रा हैं। शिक्षा के साथ-साथ उन्हें साहित्य एवं विशेष रूप से कविता लेखन में गहरी रुचि है। पिछले एक वर्ष से वे निरंतर साहित्य सृजन के क्षेत्र में सक्रिय हैं और अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज, संस्कृति, नारी सशक्तिकरण, मातृभाषा, शिक्षा एवं मानवीय मूल्यों जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त कर रही हैं।
किरण सेन की रचनाएँ “अनुपम लघुकथाएँ”, “शिक्षक दिवस”, “माँ आदिशक्ति”, “नारी सशक्तिकरण”, “कुछ पल्लव अंजूरी में” तथा “गौरैया: एक अधूरा आँगन” जैसे विभिन्न साझा संकलनों में प्रकाशित हो चुकी हैं। साहित्य एवं मातृभाषा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें “मातृ भाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं साहित्यिक एवं बहुआयामी रचनात्मक योगदान के लिए शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन, नेपाल द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया है।
किरण सेन का उद्देश्य साहित्य एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता, शिक्षा, संस्कृति, नारी सम्मान तथा मानवीय संवेदनाओं का प्रसार करना है। प्रकृति शिक्षण विज्ञान के अंतर्गत उनके चयन को उनकी प्रतिभा, जिज्ञासा और रचनात्मक सोच की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
किरण सेन के राज्य अलंकरण सम्मान हेतु चयन पर सर्व सेन समाज बलौदाबाजार के जिला अध्यक्ष श्री बसंत श्रीवास, जिला सचिव श्री नागेश सेन, जिला कोषाध्यक्ष श्री प्रीतपाल सिंह सेन, जिला संरक्षकगण श्री भवानी शंकर श्रीवास, श्री मुलेश्वर श्रीवास एवं श्री कन्हैया सेन सहित समस्त कार्यकारिणी, कर्मचारी प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।


