Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में 19 शिक्षकों के फर्जी ट्रांसफर का मामला पुलिस को सौंपा, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

जिलों की रिपोर्ट में न कार्यमुक्त होने का स्पष्ट रिकॉर्ड, न कार्यभार ग्रहण की पुष्टि; 15 जिलों के DEO से मांगी गई थी जानकारी, अब उठ रहे गंभीर सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में हुए तबादलों को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। 19 शिक्षकों के कथित फर्जी ट्रांसफर आदेश का मामला अब पुलिस को सौंप दिया गया है। शिक्षा विभाग के नाम से जारी इन फर्जी आदेशों के आधार पर कुछ शिक्षकों को नई जगह पर कार्यमुक्त कराकर कार्यभार भी ग्रहण कराए जाने की बात सामने आई है। मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगस्त-सितंबर के दौरान प्रदेश में 800 से अधिक प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक एवं सहायक शिक्षकों के स्थानांतरण हुए थे। इसी बीच 19 शिक्षकों के फर्जी ट्रांसफर आदेश भी जारी किए जाने की शिकायत सामने आई।

शिक्षा विभाग के अवर सचिव के नाम से जारी हुआ था आदेश

जानकारी के अनुसार, फर्जी ट्रांसफर आदेश शिक्षा विभाग के अवर सचिव के नाम से जारी किया गया था। इन आदेशों के आधार पर कुछ शिक्षकों को नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराने की जानकारी सामने आई। बाद में एक आदेश को लेकर संदेह होने पर जांच-पड़ताल की गई, जिसमें आदेश के फर्जी होने का खुलासा हुआ।

इसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और लोक शिक्षण संचालनालय ने संबंधित जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी।

15 जिलों के DEO से मांगी गई थी रिपोर्ट

फर्जी ट्रांसफर आदेश की शिकायत सामने आने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने 15 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों से जानकारी मांगी थी। इनमें बलौदाबाजार-भाटापारा, दुर्ग, बेमेतरा, बस्तर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, राजनांदगांव, उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, कोरिया, धमतरी, सरगुजा एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले शामिल हैं।

विभाग ने इन जिलों से यह जानकारी मांगी थी कि संबंधित शिक्षकों को फर्जी आदेश के आधार पर कार्यमुक्त किया गया है या नहीं और उन्होंने नई जगह पर कार्यभार ग्रहण किया है या नहीं।

जिलों की रिपोर्ट में उठे कई सवाल

मामले में जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, फर्जी ट्रांसफर आदेशों से प्रभावित शिक्षकों के कार्यमुक्त होने और नई जगह कार्यभार ग्रहण करने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। कुछ मामलों में आदेशों के आधार पर कार्यभार ग्रहण कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर फर्जी आदेश किसने तैयार किए? इन आदेशों को जारी करने में किन लोगों की भूमिका रही? और यदि आदेश फर्जी थे तो उनके आधार पर शिक्षकों को नई जगह पदस्थापना कैसे मिल गई?

तबादलों पर रोक के बावजूद सैकड़ों ट्रांसफर

गौरतलब है कि राज्य शासन ने इस वर्ष तबादलों पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद शिक्षा विभाग में सैकड़ों शिक्षकों के स्थानांतरण हुए। प्रतिनियुक्ति के आदेश भी जारी होते रहे। विभाग में प्रतिनियुक्ति के नाम पर बड़ी संख्या में शिक्षकों को स्कूलों और कार्यालयों में पदस्थ किए जाने को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, मनमाने तरीके से ट्रांसफर और संगठन की अनुशंसा को दरकिनार किए जाने की शिकायत प्रदेश स्तर तक पहुंची है।

अब पुलिस करेगी मामले की जांच

फर्जी ट्रांसफर आदेशों की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने मामला पुलिस को सौंप दिया है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि फर्जी आदेश किसने तैयार किए, किन माध्यमों से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाए गए और इनके आधार पर किस-किस को लाभ पहुंचाया गया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि शिक्षा विभाग के नाम से 19 फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी होने के पीछे कौन लोग हैं? क्या इस पूरे मामले में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या विभागीय स्तर पर भी किसी की मिलीभगत है? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

साभार नवभारत

Share.