Advertisement Carousel

शिक्षा गुणवत्ता को लेकर तिफरा संकुल की पहली बैठक संपन्न*

निजी विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र सुरक्षा और आवश्यक अभिलेखों की हुई समीक्षा।

बिलासपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से संकुल केंद्र तिफरा नोडल क्षेत्र अंतर्गत संचालित अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों की सत्र की पहली आवश्यक बैठक शनिवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल तिफरा में आयोजित की गई।
बैठक में नोडल अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप, संकुल समन्वयक सुनील कुमार पाण्डेय एवं नोडल अधिकारी जय कौशिक ,कार्यालय प्रभारी निखिल कौशिक की उपस्थिति में विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक की समुचित व्यवस्था के लिए डीपीएस तिफरा के प्राचार्य जसपाल सिंह का विशेष सहयोग रहा।
बैठक में विद्यालयों की मान्यता, बोर्ड मान्यता प्रमाण-पत्र, शिक्षण शुल्क समिति की कार्यवाही, विद्यालय भवन एवं किराया अनुबंध, शिक्षण समिति का पंजीयन, आरटीई अंतर्गत प्रवेशित विद्यार्थियों की कक्षावार संख्या, यूडाईस पोर्टल एवं अपार आईडी की स्थिति सहित विभिन्न आवश्यक अभिलेखों की जानकारी ली गई।
इसके अलावा पाठ्य पुस्तकों की प्राप्ति एवं वितरण, कक्षा 5वीं एवं 8वीं में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या, कार्यरत शिक्षक स्टाफ की जानकारी तथा विद्यालय भवन, अध्ययन कक्ष, शौचालय एवं खेल मैदान की स्थिति की समीक्षा की गई। संस्था प्रमुखों को सभी आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
छात्र सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सुरक्षा उपायों की जानकारी ली गई। विद्यालय परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
संकुल समन्वयक सुनील कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, संस्कारित और गुणवत्तापूर्ण वातावरण देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सत्र के प्रारंभ में सभी विद्यालयों को आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ तैयार करने और शासन के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में सेंट पॉल, तक्षशिला, सरस्वती शिशु मंदिर यदुनंदन नगर, पुष्कर कॉन्वेंट, पूजा शिशु मंदिर, RNM पब्लिक स्कूल, गायत्री शिशु निकेतन, केडी पब्लिक स्कूल, सिल्वर बेल, केंद्रीय स्कूल, ज्ञानदीप, कमला ज्ञान, इंडिया एंजेल, अंकित विद्यालय, विंध्या पब्लिक, केआरके मेमोरियल सहित तिफरा नोडल क्षेत्र के विभिन्न अशासकीय विद्यालयों के संस्था प्रमुख उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य स्पष्ट रहा—हर विद्यालय में बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और व्यवस्थित शैक्षणिक व्यवस्था के साथ नए सत्र को गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामदायी बनाना।
नोडल अधिकारी/संकुल शैक्षिक समन्वयक
संकुल नोडल क्षेत्र तिफरा
विकासखंड बिल्हा, जिला बिलासपुर

Share.