Advertisement Carousel

चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को जल्द मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री ने दिए फसल क्षति सर्वेक्षण के निर्देश

सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वे कराने के निर्देश, पात्र किसानों को आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने और पात्र किसानों को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराए।

उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए तथा आरबीसी 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि फसल क्षति के सर्वेक्षण से लेकर राहत राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा करना और कठिन परिस्थितियों में उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है।

Share.