सवरा समाज की सामाजिक एकता को लेकर गंझीया डीह में जिला स्तरीय बैठक संपन्न, फरवरी में होगा जिला सम्मेलन
राष्ट्रीय स्तर पर समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने का लिया गया संकल्प, माघ पूर्णिमा पर शबरी पूजन और नदीगांव में प्रदेश सम्मेलन पर बनी सहमति
गंझीया डीह। सवरा समाज में सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और समाज के अधिकारों को लेकर 17 नवंबर 2026 को ग्राम गंझीया डीह में जिला इकाई की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ जाति प्रमाण पत्र संघर्ष समिति के युवा प्रकोष्ठ प्रमुख शत्रुघ्न सिंह सिदार (रायगढ़) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं बैठक की अध्यक्षता जशपुर पूर्वी-रायगढ़ के जिलाध्यक्ष श्री सुनाधर विशाल ने की।
बैठक में समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस दौरान समाज की एकता, जाति प्रमाण पत्र संघर्ष, संगठन के विस्तार और आगामी सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
14 वर्षों के संघर्ष के बाद मिली सफलता
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि शत्रुघ्न सिंह सिदार ने सवरा समाज के जाति प्रमाण पत्र संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि समाज को जाति प्रमाण पत्र में मात्रात्मक त्रुटि के कारण लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके लिए समाज ने लगभग 14 वर्षों तक निरंतर संघर्ष किया, जिसके बाद सफलता प्राप्त हुई।
उन्होंने सवरा समाज की बोली-भाषा, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार सवरा समाज की आबादी पूरे भारत में 14 लाख से अधिक है। समाज के लोग ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में निवासरत हैं।
उन्होंने समाज को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष निरंजन बीसी (पूर्व राज्यसभा सांसद, ओडिशा), राष्ट्रीय संरक्षक गिरधर गमांग (पूर्व मुख्यमंत्री, ओडिशा), विष्णु सावरा (महाराष्ट्र के पूर्व आदिवासी मंत्री) तथा समाज के प्रमुख संत श्री श्री टिक्की बाबा सहित समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और सहयोग लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
फरवरी में ग्राम लिबरा में होगा जिला सम्मेलन
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और समाज को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से आगामी फरवरी माह में ग्राम लिबरा, ब्लॉक तमनार में जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही रायगढ़ जिले के नदीगांव में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति बनी। वहीं प्रत्येक ब्लॉक में माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक रूप से शबरी पूजन करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सामाजिक पदाधिकारियों ने समाज की एकता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में दिलीप भोय जिला सचिव जशपुर पूर्वी-रायगढ़, दुर्योधन दिनकर प्रदेश उपाध्यक्ष, मोहन भोय, संजय भोय, आनंद भोय जिला उपाध्यक्ष, बोधराम विशाल जिला संगठन मंत्री, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता घसिया भोय, झबेर कुमार भोय ब्लॉक अध्यक्ष फरसाबहार, सुमत कुमार भोय ब्लॉक अध्यक्ष पत्थलगांव, लाला राम भोय ब्लॉक अध्यक्ष लैलूंगा, मायाधर सरल ब्लॉक अध्यक्ष तमनार, संतोष विशाल ब्लॉक अध्यक्ष घरघोड़ा, सुरेश कुमार भोय ब्लॉक अध्यक्ष धरमजयगढ़, टिकेश्वर भोय, गुलाब सिदार पूर्व जिलाध्यक्ष, कीर्तन भोय पूर्व सरपंच बालाझेर, उसत भोय ब्लॉक उपाध्यक्ष, सुबेमनु भोय, रघुनाथ भोय संगठन मंत्री, बिहारी भोय संरक्षक, मुनकुलाल विशाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी, युवा एवं महिला सदस्य उपस्थित रहे।
सफल आयोजन के लिए जताया आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष लाला राम भोय ने किया। वहीं जिला सचिव दिलीप भोय ने सामाजिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बैठक के समापन की घोषणा की गई।
बैठक में समाज की एकजुटता और सकारात्मक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से सवरा समाज को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।


