नवाखाई अवकाश 15 सितंबर को करने की मांग

*गरियाबंद* — छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला गरियाबंद ने नवाखाई पर्व के स्थानीय अवकाश में संशोधन की मांग की है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर के नेतृत्व में जिलाधीश को आवेदन सौंपकर बताया कि नवाखाई स्थानीय अवकाश 18 सितंबर 2026 को घोषित किया गया है।
चूंकि देवभोग, मैनपुर, छुरा एवं गरियाबंद क्षेत्र में नवाखाई पर्व 15 सितंबर 2026, मंगलवार को पंचमी तिथि के दिन मनाया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी पर्व में शामिल होंगे।
इसी को देखते हुए एसोसिएशन ने अवकाश की तिथि में आंशिक संशोधन की मांग की है।
संगठन ने 18 सितंबर के स्थान पर 15 सितंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित करने का आग्रह किया है।
एसोसिएशन ने जिलाधीश से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालो में जिला अध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर, जिला सचिव सुरेश केला, जिला कोषाध्यक्ष नंदकुमार रामटेके, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सोनवानी, संजय यादव, दिनेश निर्मलकर आदि उपस्थित रहे।


