प्रथम नियुक्ति तिथि से पेंशन गणना की मांग तेज, डॉ. गंगा शरण पासी ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ देने की उठाई मांग, बोलीं– न्याय नहीं मिला तो होगा आंदोलन, मुंडन कराकर जताएंगे विरोध
छत्तीसगढ़। प्रदेश में एलबी संवर्ग के शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पेंशन का लाभ देने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। संविलियन आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाली महिला प्रकोष्ठ की तेजतर्रार नेता डॉ. गंगा शरण पासी ने राज्य सरकार से अपील की है कि शिक्षाकर्मियों की प्रथम नियुक्ति तिथि को आधार मानकर सेवा अवधि की गणना की जाए और उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए।
डॉ. पासी ने कहा कि शिक्षाकर्मी व्यवस्था में नौकरी करने वाले शिक्षकों को सबसे अधिक नुकसान वर्ष 1998 में नियुक्त हुए शिक्षाकर्मियों को उठाना पड़ा है। इन शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के शुरुआती आठ वर्षों तक न्यूनतम वेतन पर काम किया। इसके बाद भी लंबे समय तक उन्हें सीमित वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना पड़ा।
1998 के शिक्षाकर्मियों का भविष्य सबसे ज्यादा प्रभावित
उन्होंने कहा कि वर्षों तक कम वेतन में नौकरी करने वाले शिक्षकों ने अपनी पूरी कमाई बच्चों की पढ़ाई, परिवार की जरूरतों और घरेलू जिम्मेदारियों में खर्च कर दी। भविष्य के लिए पर्याप्त बचत नहीं कर पाने के कारण आज सेवानिवृत्ति के समय अनेक एलबी संवर्ग के शिक्षक आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं।
विडंबना यह है कि जिन शिक्षकों ने अपनी जिंदगी के महत्वपूर्ण वर्ष बच्चों का भविष्य संवारने में लगा दिए, आज वही शिक्षक सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सहारे के अभाव में खेतों में मजदूरी और मिस्त्री का काम करने तक मजबूर हो रहे हैं। बुढ़ापे में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए पेंशन उनका अधिकार होना चाहिए।
मध्यप्रदेश के फैसले से छत्तीसगढ़ में बढ़ी उम्मीद
मध्यप्रदेश में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना के संबंध में आए फैसले के बाद छत्तीसगढ़ के शिक्षकों में भी उम्मीद जगी है। इसी आधार पर डॉ. गंगा शरण पासी ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की है कि प्रदेश में भी प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि की गणना कर एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए।
उनका कहना है कि शिक्षकों की वास्तविक सेवा अवधि को नजरअंदाज करना उनके साथ अन्याय है। सरकार को शिक्षाकर्मी के रूप में की गई पूर्व सेवा को भी मान्यता देते हुए पेंशन संबंधी लाभ प्रदान करना चाहिए।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और मुंडन का ऐलान
डॉ. गंगा शरण पासी ने सरकार से इस मामले में गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षकों की मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मुंडन कराकर भी विरोध दर्ज कराया जाएगा।
शिक्षकों के सामने बड़ा सवाल
जिन शिक्षकों ने 20 से 25 वर्ष या उससे अधिक समय तक शिक्षा व्यवस्था को अपनी सेवाएं दीं, क्या उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार नहीं मिलना चाहिए? अब देखना होगा कि राज्य सरकार एलबी संवर्ग के शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना और पुरानी पेंशन की मांग पर क्या निर्णय लेती है।
दख़ल छत्तीसगढ़ | विशेष रिपोर्ट


