Advertisement Carousel

कर्मचारियों की सुविधा इंडेक्स में छत्तीसगढ़ फिसड्डी!

DA-DR ही नहीं, छुट्टी नगदीकरण, क्रमोन्नति और कैशलेस इलाज में भी दूसरे राज्यों से पिछड़ा प्रदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की सुविधाओं को लेकर एक बार फिर राज्य सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) के मामले में पहले से नाराज कर्मचारियों की अब अन्य राज्यों की तुलना में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी असंतोष सामने आया है। अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं के मामले में छत्तीसगढ़ भाजपा शासित अन्य राज्यों की तुलना में काफी पीछे है।

अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला, ओपी शर्मा एवं मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे ने संयुक्त बयान जारी कर राज्य सरकार से कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की है।

300 दिन के स्थान पर 240 दिन का अवकाश नगदीकरण

मोर्चा के प्रांतीय प्रवक्ता संजय तिवारी ने बताया कि मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित अन्य भाजपा शासित राज्यों में कर्मचारियों को 300 दिनों तक अर्जित अवकाश के नगदीकरण की सुविधा दी जा रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह सीमा केवल 240 दिन है। इस अंतर के कारण प्रदेश के कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

तीन स्तरीय क्रमोन्नति वेतनमान से भी वंचित कर्मचारी

मोर्चा ने मध्यप्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों को तीन स्तरीय क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ सरकार अब तक अपने कर्मचारियों को यह सुविधा उपलब्ध नहीं करा पाई है। लंबे समय से इस मांग को लेकर कर्मचारी संगठन आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

महिला कर्मचारियों को 7 अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश की मांग

महिला कर्मचारियों की सुविधाओं के मामले में भी छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश से पीछे बताया गया है। मोर्चा के अनुसार मध्यप्रदेश सरकार ने 7 जुलाई 2023 को आदेश जारी कर महिला कर्मचारियों को नियमित 13 आकस्मिक अवकाश के अतिरिक्त 7 और आकस्मिक अवकाश देने की सुविधा प्रदान की है। इस तरह वहां महिला कर्मचारियों को सालाना कुल 20 आकस्मिक अवकाश मिल रहे हैं, जबकि छत्तीसगढ़ की महिला कर्मचारी अभी इस अतिरिक्त सुविधा से वंचित हैं।

उत्तरप्रदेश में पेंशनर्स को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा

कैशलेस चिकित्सा सुविधा के मामले में भी मोर्चा ने छत्तीसगढ़ सरकार पर सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि उत्तरप्रदेश में कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स और रसोइया समूह को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं छत्तीसगढ़ में पेंशनर्स को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। कर्मचारियों के लिए भी केवल घोषणा हुई है, लेकिन अब तक पर्याप्त बजट आवंटन सहित जमीनी स्तर पर व्यवस्था नहीं की गई है।

ऋण सुविधा पर भी सरकार को घेरा

मोर्चा ने साय सरकार द्वारा कर्मचारियों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए एक निजी कंपनी से किए गए समझौते पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन के अनुसार इस व्यवस्था में ब्याज दर 12 से 19 प्रतिशत तक है, जबकि अन्य राज्यों में कर्मचारियों को वेतन के अनुपात में ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

मुख्य सचिव से इसी सप्ताह चर्चा करेगा संयुक्त मोर्चा

संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। संगठन ने महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत सहित अन्य राज्यों की तरह कर्मचारियों की सुविधाओं में वृद्धि की मांग को लेकर मुख्य सचिव विकासशील से इसी सप्ताह चर्चा करने की जानकारी दी है।

मोर्चा का मानना है कि महिला कर्मचारियों को 7 अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश देने सहित कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर शासन स्तर पर ही निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत दी जा सकती है।

अब देखना होगा कि मुख्य सचिव के साथ प्रस्तावित चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स की लंबित मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेती है या फिर सुविधाओं के मामले में प्रदेश के कर्मचारी दूसरे राज्यों से पिछड़े ही रहेंगे।

संजय तिवारी
प्रांतीय प्रवक्ता
अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा

Share.