Advertisement Carousel
    What's Hot

    स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य एल.पी. पटेल को शासन की चेतावनी, प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया

    सारंगढ़ में प्रशासनिक कार्रवाई: प्राचार्य एल.पी. पटेल के स्थान पर जनक राम पटेल की हुई पदस्थापना

    रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने सारंगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य एल.पी. पटेल के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों और जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई की है। शासन ने कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें चेतावनी देते हुए प्रतिनियुक्ति पर अन्य विद्यालय में पदस्थ करने का निर्णय लिया है।

    स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सहायक संचालक एवं संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय से प्राप्त जांच प्रतिवेदन तथा जिला प्रशासन की रिपोर्ट के परीक्षण में प्राचार्य एल.पी. पटेल के विरुद्ध पदस्थापना संबंधी गंभीर अनियमितताओं और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही का मामला सामने आया था। प्रतिवेदन में इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचार बताया गया था।

    प्रकरण में एल.पी. पटेल को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत निलंबित किए जाने की अनुशंसा भी की गई थी।

    हालांकि, राज्य शासन ने प्रकरण पर समग्र विचार के बाद आंशिक लापरवाही मानते हुए उन्हें चेतावनी देने और प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ करने का निर्णय लिया है। आदेश के तहत एल.पी. पटेल को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, चंद्रपुर, जिला सक्ती में पदस्थ किया गया है।

    वहीं, उनके स्थान पर जनक राम पटेल, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े देवगांव, जिला रायगढ़ को प्रतिनियुक्ति पर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सारंगढ़ में पदस्थ किया गया है।

    शासन ने एल.पी. पटेल को भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं होने की चेतावनी देते हुए प्रकरण समाप्त करने का निर्णय लिया है। आदेश छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 18 नवंबर 2026 को जारी किया गया है।

    Share.