Advertisement Carousel
    What's Hot

    छत्तीसगढ़ के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नति

    डॉ. रोहित यादव को वित्त एवं जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी, डॉ. कमलप्रीत सिंह बने प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा

    रायपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वर्ष 2002 बैच के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत किया है। दोनों अधिकारियों को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) प्रदान करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

    सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार तथा अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इससे पहले वे वित्त विभाग में सचिव और जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत थे।

    वहीं, डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदोन्नत किया गया है। वे इससे पहले इसी विभाग में सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

    उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया था। इसी के अनुरूप राज्य शासन ने 19 नवंबर 2026 को पदोन्नति आदेश जारी कर दोनों अधिकारियों की नवीन पदस्थापना सुनिश्चित की है।

    इस पदोन्नति के साथ राज्य प्रशासन में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों और भूमिका को नया विस्तार मिला है।

    Share.