Advertisement Carousel

बड़ी खबर : सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के वेतनमान में वृद्धि को शासन की मंजूरी, ग्रेड पे 2400 से बढ़कर 2800 हुआ

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग ने प्रदेश के सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शासन ने इनके वेतनमान में संशोधन करते हुए ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 2800 किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से संबंधित कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

5200-20200 वेतनमान में ग्रेड पे 2800 स्वीकृत

पशुधन विकास विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा 5 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन के अंतर्गत कार्यरत सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों का वर्तमान वेतनमान 5200-20200 (ग्रेड पे 2400) से संशोधित कर 5200-20200 (ग्रेड पे 2800) किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

वित्त विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की सहमति के बाद आदेश

जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में वित्त विभाग की फाइल क्रमांक FINACC-3602/1592/2026-FINANCE दिनांक 24 जुलाई 2026 को दिए गए परामर्श तथा सामान्य प्रशासन विभाग की ई-कंप्यूटिंग क्रमांक 562608, दिनांक 3 नवंबर 2026 से प्राप्त सहमति के आधार पर यह स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार पशुधन विकास विभाग के उप सचिव मनोज कुमार मिश्रा द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

शासन के इस फैसले से पशुधन विकास विभाग में कार्यरत सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों को वेतन संबंधी लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।


 

Share.