कोल्हेनझरिया में जगन्नाथ मंदिर निर्माण के लिए सीएम से सहयोग की मांग, सुनीति भोय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
*रायपुर।* ग्राम पंचायत कोल्हेनझरिया में निर्माणाधीन श्री जगन्नाथ मंदिर के सहयोग के लिए भाजपा जिला मंत्री श्रीमती सुनीति भोय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर सहयोग हेतु निवेदन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विधानसभा चुनाव के पूर्व एवं वर्तमान में ग्राम पंचायत कोल्हेनझरिया में जितने भी भूमिपूजन कार्य हुए हैं, उन्हें एक साथ पूर्ण कर जगन्नाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ ही स्वर्गीय बृजमोहन यादव चौक (जनसंघ नेता) एवं छत्तीसगढ़ के पितृ पुरुष पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. दिलीप सिंह जूदेव चौक का निर्माण कार्य पूरा किया जाना है। इन तीनों चौकों के निर्माण का संकल्प श्रीमती सुनीति भोय ने स्वयं के खर्च से भूमिपूजन के समय लिया था।
इसके अलावा ग्राम में लगभग 2 करोड़ की लागत से बन रहे पोस्ट मैट्रिक छात्रावास सहित चारों कार्यों का लोकार्पण 2027 में मुख्यमंत्री की अगुवाई में ऐतिहासिक कार्यक्रम के रूप में कराने की योजना है। भाजयुमो मंडल पंडरीपानी के मंत्री मनोज कुमार रात्रे के नेतृत्व में कार्यकर्ता इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं।
*मंदिर निर्माण में इनका मिल रहा सहयोग*
जगन्नाथ मंदिर का निर्माण मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पथलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर राजपरिवार, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित जशपुर जिले के जनप्रतिनिधियों, जगन्नाथ भक्तों, व्यापारियों, क्षेत्र की ग्राम पंचायतों और कोल्हेनझरिया के सभी मोहल्लों के सहयोग से किया जा रहा है।
*फरसाबहार में उप पंजीयक कार्यालय खोलने की मांग*
प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक मुख्यालय फरसाबहार में उप पंजीयक कार्यालय खोलने के लिए विशेष आग्रह किया। बताया गया कि वर्तमान में फरसाबहार के किसानों को जमीन की खरीदी-बिक्री के लिए कुनकुरी उप पंजीयक पर निर्भर रहना पड़ता है। कार्यालय खुलने से माटी पहाड़, छर्रा, सागजोर, लावाकेरा, कोल्हेनझरिया सहित 58 ग्राम पंचायतों के लोगों के धन और समय की बचत होगी। मुख्यमंत्री ने कार्य को पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
*तीन मुख्यमंत्री ग्राम सड़कों की मांग*
1. ग्राम हाथीबेड के भुईहरपारा से ग्राम तोलमा पहुंच मार्ग – दूरी 6 किमी
2. ग्राम कोल्हेनझरिया महुआडांड से ग्राम दलेसर, जूनाडीह होते हुए तेलाइन मुख्य मार्ग तक – दूरी 3 किमी
3. ग्राम खुटसेरा से महुआडीह तक – दूरी 5 किमी
इन तीनों मार्गों को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में जोड़कर जल्द कार्य शुरू करने का आग्रह किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित किया।
श्रीमती सुनीति भोय ने बताया कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद से मिलकर नवरात्रि पर्व की बधाई दी गई तथा मंदिर निर्माण में सहयोग का निवेदन किया गया, जिस पर सभी ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
आज के प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से जिला मंत्री श्रीमती सुनीति भोय, जगन्नाथ मंदिर समिति अध्यक्ष एवं मंडल मंत्री पंडरीपानी हरदेव प्रसाद यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा कृष्ण गोपाल यादव, भाजयुमो मंडल मंत्री मनोज कुमार रात्रे, किसान मोर्चा मंडल मंत्री राजेंद्र प्रसाद पैंकरा एवं युवा नेता हाथीबेड मनमोहन यादव उपस्थित रहे।


