*सांसद विजय बघेल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र, TET से छूट के लिए विधायी पहल की मांग

*दुर्ग / नई दिल्ली, 26 सितंबर।* शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के बाद प्रदेश के शिक्षकों में उपजे भय और अनिश्चितता के बीच दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने बड़ी पहल की है।
सांसद श्री बघेल ने *केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी* को पत्र लिखकर (पत्र क्रमांक 11031, दिनांक 02.09.2026) छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष *श्री राजेश चटर्जी* के आवेदन पर विचार करने का अनुरोध किया है।
*क्या है मामला?*
फेडरेशन ने अपने आवेदन में कहा है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों के पश्चात देशभर के विशेषकर *वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त एवं लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों* के मध्य अपनी सेवा-सुरक्षा, आजीविका, पदोन्नति एवं भविष्य को लेकर गंभीर भय और अनिश्चितता की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
फेडरेशन ने मांग की है कि पूर्व से नियुक्त एवं कार्यरत शिक्षकों को TET के संबंध में *वैधानिक संरक्षण / छूट* प्रदान करने हेतु आवश्यक विधायी पहल की जाए।
सांसद विजय बघेल ने मंत्री से अनुरोध किया है कि उपरोक्तानुसार समुचित सहयोग हेतु संबंधितों को निर्देशित करने की कृपा करें। पत्र के साथ फेडरेशन का मूल आवेदन भी संलग्न किया गया है।
इस पहल के बाद 2010 से पूर्व नियुक्त लाखों शिक्षकों को राहत की उम्मीद जगी है।


