छ. ग. प्रदेश मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. ओमप्रकाश वर्मा को किया सम्मानित।
गरियाबंद, 20 जून 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने समाज सेवा, मानवता, स्वैच्छिक रक्तदान एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गरियाबंद जिले के शिक्षाविद व्याख्याता डॉ. ओमप्रकाश वर्मा को सम्मानित किया। इसके कुछ दिन पूर्व 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी एवं समृद्धि ब्लड सेवा केंद्र के सहयोग से रक्तदान एवं सम्मान कार्यक्रम के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला, गरियाबंद डॉ. यू एस नवरत्ने जी एवं इं.रे. क्रॉस जिला सचिव श्री रोमन लाल की उपस्थिति में डॉ. ओम प्रकाश वर्मा को समाज सेवा के क्षेत्र में सम्मानित किया गया।
डॉ. ओमप्रकाश वर्मा, पिता – डॉ. जीवन लाल वर्मा, निवासी रोहिणा (राजिम) वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीपरछेड़ी, विकासखण्ड एवं जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़) में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने निःस्वार्थ सेवा और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से समाज के समक्ष एक प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
डॉ. वर्मा गरियाबंद जिले के सर्वाधिक स्वैच्छिक रक्तदाता हैं और इस उपलब्धि के लिए वे पूर्व में महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा भी सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने अब तक 73 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर अनेक जरूरतमंद लोगों को जीवनदान देने का कार्य किया है। उनकी प्रेरणा से 3,000 से अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आए हैं।
मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक और प्रेरणास्पद उदाहरण यह है कि उन्होंने स्वयं एवं अपने पूज्य पिता का शरीरदान एम्स, रायपुर को समर्पित किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने 27 अन्य व्यक्तियों को भी शरीरदान के लिए प्रेरित कर समाज में मानवीय मूल्यों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी डॉ. वर्मा का योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने 300 से अधिक वृक्षों का रोपण किया है तथा लगभग 273 वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रकृति के प्रति उनके समर्पण के लिए उन्हें ‘पर्यावरण मित्र सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि डॉ. ओमप्रकाश वर्मा का अदम्य साहस, सकारात्मक सोच और सेवा-भाव सम्पूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि “मानवता की सेवा, जीवन का सर्वोच्च धर्म है; आपका समर्पण उसी दिव्य भावना का प्रेरणास्पद उदाहरण है।”
मुख्यमंत्री ने डॉ. वर्मा के उत्तम स्वास्थ्य, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी मानव सेवा, समाज कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण के अपने प्रेरणादायी अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।
इस उपलब्धि में डॉ. वर्मा ने परिवार के सदस्यों,
अपने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों,अभिभावकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा सभी आत्मीय जनों के स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद को देते हुए कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा के साथ साथ सामाजिक क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की प्रेरणा है।”
सम्मान प्राप्ति पर विधायक राजिम विधानसभा क्षेत्र रोहित साहू, विधायक बृंदानवागढ़ श्री जनक राम ध्रुव, जिला कलेक्टर भगवान सिंह उईके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू एस नवरत्ने, जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला, जिला सांख्यिकी अधिकारी श्याम चंद्राकर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गजेन्द्र ध्रुव, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री छन्नू सिन्हा, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी जिला सचिव श्री रोमन लाल साहू , गरियाबंद ब्लड डोनर ग्रुप, समृद्धि ब्लड सेवा समिति, ब्लड बैंक अधिकारी गरियाबंद डॉ अग्रवाल जी, लालजी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों को आभार व्यक्त किया है।


