
गरियाबंद 12 अक्टूबर 2022/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रभात मलिक ने पंचायत उप निर्वाचन 2022 कराये जाने हेतु 01 जनवरी 2022 के संदर्भ की तारीक पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु विकासखंडवार रजिस्ट्रीकरण/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कृत्यों को सम्पादन करने के लिए अधिकारी नियुक्त किया है। स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार
विकासखण्ड गरियाबंद हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गरियाबंद रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार गरियाबंद सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे। विकासखण्ड छुरा हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) छुरा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार छुरा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे। विकासखण्ड फिंगेश्वर हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजिम रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार राजिम सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे। विकासखण्ड मैनपुर हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मैनपुर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार मैनपुर सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे। इसी प्रकार विकासखण्ड देवभोग हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार देवभोग सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे। अपर कलेक्टर गरियाबंद अपीलीय प्राधिकारी के कृत्यों का सम्पादन करेंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार उक्त अधिकारी पंचायत उप निर्वाचन 2022 हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने संबंधी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही की गई कार्यवाही से जिला निर्वाचन कार्यालय को अवगत करायेंगे।
जिले में निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम 7 अक्टूबर 2022 से प्रारंभ हो गई है। 13 अक्टूबर 2022 को निर्वाचक नामावली प्रकाशन के संबंध में सूचना प्रारूप भेजे जायेंगे। 14 अक्टूबर 2022 से निर्वाचक नामावली के संबंध में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन तथा दावें और आपत्ति प्राप्त करने की शुरुआत होगी। 21 अक्टूबर 2022 के दोपहर 3 बजे तक दावे आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि होगी। 26 अक्टूबर 2022 तक प्राप्त दावा आपत्ति निपटारे की अंतिम तिथि। 27 अक्टूबर 2022 को प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत किये जायेंगे। प्रारूप क-1 में प्राप्त दावा का निराकरण 1 नवम्बर 2022 को किया जायेगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 अक्टूबर 2022 को किया जायेगा। जिले में माह सितम्बर 2022 तक सरपंच के 4 तथा पंच के 24 पद रिक्त हुए है।


