खेलते समय पेड़ से बंधी रस्सी में फंसा 8 वर्षीय छात्र, मौत के बाद प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश, बसना विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला मुड़ीडीह का मामला

महासमुंद, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्कूल परिसर में एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय छात्र की मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर शासकीय प्राथमिक शाला मुड़ीडीह, विकासखंड बसना के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना से प्राप्त जांच प्रतिवेदन में बताया गया कि विद्यालय परिसर में स्थित एक पेड़ से बंधी रस्सी में खेलते समय कक्षा चौथी के छात्र की दुर्घटनावश मौत हो गई।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित विद्यालय के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी एवं सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को प्रथम दृष्टया दोषी माना गया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत है।
### तत्काल प्रभाव से निलंबन
जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बसना निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।
### संबंधित अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
जारी आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर महासमुंद, संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा रायपुर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना तथा संबंधित विद्यालय के अधिकारियों को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


