गरियाबंद की 23वीं वाहिनी को मिला अतिरिक्त प्रभार, 20वीं वाहिनी की सेनानी संभालेंगी जिम्मेदारी
पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी, नवीन भारत रिजर्व वाहिनी की स्थापना तक अस्थायी व्यवस्था

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, गरियाबंद जिले के पिपरछेड़ी स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की 23वीं वाहिनी को 20वीं वाहिनी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था नवीन भारत रिजर्व वाहिनी की स्थापना होने तक अस्थायी रूप से लागू रहेगी।
पुलिस मुख्यालय से 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग के आदेश क्रमांक ESTB-103/36/2025-HOME SECTION, दिनांक 1 सितंबर 2026 के तहत राज्य के लिए एक नवीन भारत रिजर्व वाहिनी को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी के तहत नवीन इकाई की स्थापना और गठन संबंधी कार्यवाही पूरी होने तक यह अंतरिम व्यवस्था की गई है।
श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे को सौंपी गई जिम्मेदारी
जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि गरियाबंद जिले के पिपरछेड़ी स्थित 23वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के वर्तमान प्रभार के साथ 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का अतिरिक्त प्रभार श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे (राजपत्रित पुलिस सेवा) को सौंपा गया है।
नवीन वाहिनी के गठन की प्रक्रिया होगी शुरू
आदेश में संबंधित प्रभारी अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि नई इकाई की स्थापना के लिए कार्यालयीन एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन वर्तमान इकाई से अलग रखते हुए गठन संबंधी सभी आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की जाए।
यह आदेश पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और गरियाबंद जिले के पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।


