भोपाल । मध्यप्रदेश में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के तहत नौ सीटों पर होने वाले मतदान के लिए आठ सीटों पर आज से नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरु हो गई। नौ में से एक सीट बैतूल के लिए नामांकन पत्र पहले ही जमा किए जा चुके हैं। यहां से अब बस बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी का नामांकन पत्र जमा होना शेष है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आज तीसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरु हो गई। नामांकन 19 अप्रैल तक जमा किए जा सकेंगे। इसके अगले दिन 20 को नामांकनों की जांच होगी। 22 अप्रैल नाम वापसी की अंतिम तारीख है। तीसरे चरण में राज्य की भिंड, मुरैना, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल संसदीय क्षेत्र में सात मई को मतदान होगा। इनमें से बैतूल को छोड़कर शेष सभी सीटों पर आज से प्रत्याशी नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। बैतूल संसदीय क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी को छोड़ कर शेष सभी प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र पहले ही जमा कर चुके हैं। यहां पहले 26 अप्रैल को मतदान होना था, लेकिन इस सीट से बसपा प्रत्याशी अशोक भलावी के निधन के कारण इस सीट को तीसरे चरण के मतदान में शामिल किया गया है। बसपा को यहां से अब अपना नया प्रत्याशी घोषित करना है, जो निर्धारित तिथि 19 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
×
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


