### प्रदेश के नॉन-TET शिक्षक सेवा सुरक्षा के लिए हो रहे लामबंद, मुख्यमंत्री से TET अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग
कोंडागांव शिक्षक सेवा मंच ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, राजपत्र अधिसूचना 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त रखने की उठाई मांग
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में नॉन-TET शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का मुद्दा लगातार चर्चा में है। प्रदेश के पूर्व नियुक्त शिक्षक अपनी सेवा सुरक्षा को लेकर लामबंद हो रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षक सेवा मंच, जिला इकाई कोंडागांव ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर राजपत्र अधिसूचना 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग की है।
ज्ञापन में मंच ने उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ राज्य में राजपत्र अधिसूचना 2010 से पहले निर्धारित अर्हताओं एवं विधिवत चयन प्रक्रिया के तहत नियुक्त शिक्षक वर्षों से निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे शिक्षकों पर बाद में TET की अनिवार्यता लागू करना न्यायसंगत नहीं है।

### ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख कानूनी एवं संवैधानिक बिंदु
शिक्षक सेवा मंच ने अपनी मांग के समर्थन में निम्नलिखित बिंदुओं का उल्लेख किया है—
1\. RTE अधिनियम 2009 की धारा 23 एवं राजपत्र 2010: ज्ञापन के अनुसार 23 अगस्त 2010 की अधिसूचना के पैरा 4 में इससे पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से मुक्त रखने का प्रावधान है।
2\. संविधान का अनुच्छेद 309: नियुक्ति के समय लागू नियमों के तहत प्राप्त अर्जित अधिकारों को प्रभावित करने पर आपत्ति जताई गई है।
3\. अनुच्छेद 14 एवं 16: वर्षों की नियमित सेवा के बाद पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर नई पात्रता परीक्षा थोपना समानता एवं न्याय के सिद्धांतों के विपरीत बताया गया है।
4\. अनुच्छेद 21: शिक्षकों की सेवा निरंतरता, पदोन्नति और परिवार की आजीविका पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।
### शासन से स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग
शिक्षक सेवा मंच ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि उपरोक्त विधिक एवं संवैधानिक प्रावधानों के आलोक में स्पष्ट शासनादेश जारी किया जाए तथा राजपत्र अधिसूचना 2010 से पूर्व नियुक्त समस्त शिक्षकों को TET परीक्षा की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त रखते हुए उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अब देखना होगा कि नॉन-TET शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर उठ रही इस मांग पर राज्य सरकार क्या निर्णय लेती है।
स्रोत: शिक्षक सेवा मंच, जिला इकाई कोंडागांव द्वारा मुख्यमंत्री के नाम जारी ज्ञापन।


