Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में 141 व्याख्याताओं पर गिरी शास्ति की गाज, उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही का मामला

हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा 2024 एवं 2025 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लापरवाही का आरोप; लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया आदेश, सेवा पुस्तिका में शास्ति दर्ज कराने के निर्देश।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में प्रदेश के 141 व्याख्याताओं के विरुद्ध शास्ति संबंधी आदेश जारी किया गया है। यह मामला छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा वर्ष 2024 और 2025 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन से जुड़ा है।

लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर ने मूल्यांकन कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने तथा इसके कारण परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम प्रभावित होने के मद्देनजर संबंधित मूल्यांकनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की थी।

आदेश में मूल पद व्याख्याता के कुल 141 मूल्यांकनकर्ताओं के नाम शामिल हैं। इनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में पदस्थ व्याख्याता शामिल हैं।

वेतन वृद्धि रोकने की शास्ति

माध्यमिक शिक्षा मंडल की अनुशंसा के आधार पर संबंधित मूल्यांकनकर्ताओं के विरुद्ध वेतन वृद्धि रोके जाने की शास्ति अधिरोपित करते हुए दंडात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजा गया था।

सेवा पुस्तिका में दर्ज कराने के निर्देश

संचालनालय ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शास्ति आदेश संबंधित व्याख्याताओं की सेवा पुस्तिका में दर्ज कराते हुए पांच दिवस के भीतर प्रतिवेदन संचालनालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

वहीं, जिला दुर्ग के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने भी संबंधित प्राचार्यों को निर्देश जारी कर शास्ति आदेश की प्रविष्टि संबंधित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।

इस कार्रवाई के बाद प्रदेश के शिक्षा विभाग में उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की जिम्मेदारी और उसमें बरती जाने वाली सावधानी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

स्रोत: लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ का शास्ति आदेश एवं जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग का पत्र।

Share.