आदिवासी अस्मिता और स्वतंत्रता: छत्तीसगढ़ के जननायकों का स्वर्णिम इतिहास
परलकोट विद्रोह से भूमकाल और जंगल सत्याग्रह तक, जनजातीय नायकों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ छेड़ी थी निर्णायक लड़ाई
नवा रायपुर में देश का पहला डिजिटल जनजातीय संग्रहालय, 14 दीर्घाओं और 650 मूर्तियों के माध्यम से जीवंत हो रही बलिदान और संघर्ष की गाथा
रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की धरती प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध लोकसंस्कृति के साथ-साथ जनजातीय वीरता, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली परंपरा के लिए भी जानी जाती है। यहां के आदिवासी समाज के लिए स्वतंत्रता का अर्थ केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा भी था।
1857 की क्रांति से लगभग तीन दशक पहले हुए परलकोट विद्रोह से लेकर भूमकाल आंदोलन और जंगल सत्याग्रह तक छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी हुकूमत की दमनकारी नीतियों, बेगार प्रथा और शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया। इन आंदोलनों में कहीं सशस्त्र विद्रोह की गूंज सुनाई दी, तो कहीं अहिंसक सत्याग्रह के माध्यम से अन्याय का विरोध हुआ। बस्तर से सरगुजा और रायपुर तक फैले इन संघर्षों ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर इन वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान को याद करना उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को संजो रहा संग्रहालय
छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और गुमनाम नायकों की गौरवगाथा को जीवंत बनाए रखने के लिए नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का निर्माण किया गया है। देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के रूप में स्थापित इस परिसर में 14 दीर्घाएं और 650 मूर्तियां हैं।
यहां परलकोट विद्रोह, भूमकाल आंदोलन और जंगल सत्याग्रह सहित जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्षों को प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय परिसर में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा भी स्थापित है।
शहीद वीर नारायण सिंह: छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी
सोनाखान के जमींदार वीर नारायण सिंह ने वर्ष 1856 के अकाल के दौरान भूखे ग्रामीणों को अनाज वितरित कर मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश की थी। अंग्रेजी हुकूमत ने इसे अपराध मानते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया।
1857 की क्रांति के दौरान वे जेल से बाहर निकलकर अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष में शामिल हुए। 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उन्हें फांसी दे दी गई। उनका बलिदान आज भी छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और स्वतंत्रता चेतना का प्रतीक है। उनके सम्मान में नवा रायपुर में संग्रहालय और रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नामकरण किया गया है।
शहीद गैंदसिंह: परलकोट विद्रोह के महानायक
1857 की क्रांति से लगभग तीन दशक पहले वर्ष 1824-25 में बस्तर के परलकोट क्षेत्र में अंग्रेजों और मराठों के हस्तक्षेप के खिलाफ विद्रोह हुआ था। इस आंदोलन का नेतृत्व शहीद गैंदसिंह ने किया था।
उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर पारंपरिक हथियारों के साथ विदेशी सत्ता और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष किया। जनवरी 1825 में अंग्रेजों और मराठों की संयुक्त सेना ने उन्हें बंदी बना लिया। 20 जनवरी 1825 को परलकोट में उन्हें फांसी दे दी गई। उनका बलिदान छत्तीसगढ़ में जनजातीय प्रतिरोध की शुरुआती मिसालों में शामिल है।
वीर गुण्डाधूर और डेबरीधुर: भूमकाल विद्रोह के अमर नायक
परलकोट विद्रोह के बाद वर्ष 1910 में बस्तर में भूमकाल आंदोलन के रूप में अंग्रेजी शासन के खिलाफ एक बड़ा जनविद्रोह हुआ। इस आंदोलन के प्रमुख नायक वीर गुण्डाधूर थे। नेतानार के धुरवा आदिवासी गुण्डाधूर ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों, बेगारी प्रथा और वन अधिकारों के हनन के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट किया।
अंग्रेजों ने आंदोलन को दबाने के लिए व्यापक दमन किया, लेकिन गुण्डाधूर उनकी गिरफ्त में नहीं आए। उनके सम्मान में जन्मस्थान नेतानार से शहीद वीर गुण्डाधूर सेवा डेरा की शुरुआत की गई है।
भूमकाल आंदोलन में गुण्डाधूर के निकट सहयोगी बोरगाधुर, जिन्हें डेबरीधुर के नाम से भी जाना जाता है, ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर 29 मार्च 1910 को जगदलपुर के गोल बाजार स्थित इमली के पेड़ पर फांसी दे दी।
क्रांतिवीर कंगला मांझी: जनजातीय एकता और सामाजिक जागरण के प्रतीक
कांकेर के तेलावट गांव में जन्मे कंगला मांझी, जिन्हें हीरा सिंह देव के नाम से भी जाना जाता है, ने वर्ष 1913 से जनजातीय आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अनुशासन, अहिंसा और संगठन के माध्यम से आदिवासी समाज को एकजुट करने का प्रयास किया।
देश की आजादी के बाद भी वे आदिवासियों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए सक्रिय रहे। उन्होंने आदिवासी किसान सैनिक संगठन की परंपरा विकसित की। 5 दिसंबर 1984 को उनका निधन हुआ। उनके द्वारा स्थापित मांझी सरकार की परंपरा आज भी जीवित है।
बंटू धुरवा, सुकदेव पातर और रामधीन गोंड का योगदान
छत्तीसगढ़ के जनजातीय आंदोलनों में कई अन्य वीर सेनानियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बंटू धुरवा वर्ष 1910 के भूमकाल आंदोलन से जुड़े रहे। वहीं सुकदेव पातर ने झंडा सत्याग्रह के दौरान भेलवापानी में अहिंसक प्रतिरोध का नेतृत्व किया।
शहीद रामधीन गोंड जंगल सत्याग्रह के प्रमुख सेनानियों में शामिल थे। इन सभी जननायकों ने अपने संघर्ष से जनजातीय समाज में अधिकारों और स्वाभिमान की चेतना को मजबूत किया।
संत रामेश्वर गहिरा गुरु: शिक्षा और सामाजिक सुधार के अग्रदूत
संत गहिरा गुरु, जिनका मूल नाम रामेश्वर कंवर था, का जन्म वर्ष 1905 में रायगढ़ जिले के गहिरा गांव में हुआ था। वे महान संत, समाज सुधारक और जनजागरण के प्रेरणास्रोत थे।
उन्होंने आदिवासी समाज में शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वर्ष 1943 के बाद उनके सामाजिक कार्यों का विस्तार हुआ। उन्होंने वर्ष 1953 में कैलाश गुफा आश्रम और संस्कृत शिक्षा संस्थानों की स्थापना की। 21 नवंबर 1996 को अपने निधन तक वे वनांचलों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का अलख जगाते रहे।
माता राजमोहिनी देवी: महिला जागरूकता और सामाजिक बदलाव की मिसाल
सरगुजा जिले के सरसेड़ा गांव में 7 जुलाई 1914 को जन्मी माता राजमोहिनी देवी जनजातीय समाज की महान समाज सुधारक थीं। उन्होंने आदिवासी समाज में नशामुक्ति, स्वच्छता, महिला जागरूकता और सामाजिक सुधार के लिए व्यापक अभियान चलाए।
वर्ष 1953 में उन्होंने भटगांव सत्याग्रह का नेतृत्व किया और समाज में सकारात्मक बदलाव की नई राह दिखाई। सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 1989 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की प्रेरणास्रोत बनीं।
नई पीढ़ी तक पहुंच रही जनजातीय गौरव और बलिदान की गाथा
छत्तीसगढ़ के इन जननायकों का संघर्ष केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता की अमूल्य विरासत है। इन वीर सपूतों ने अपने साहस, त्याग और बलिदान से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा की मिसाल कायम की।
जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजनों और नवा रायपुर स्थित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय के माध्यम से इन महान विभूतियों के योगदान को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


