Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ एआई मिशन की पहली बैठक संपन्न, 1.5 लाख शासकीय कर्मचारी होंगे प्रशिक्षित

रायपुर सहित पांच संभागों में खुलेंगे सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस, पहले वर्ष में स्थापित होंगी 20 एआई डेटा लैब्स

रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने और तकनीकी विकास को गति देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ एआई मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य में एआई आधारित सुशासन, तकनीकी नवाचार और नागरिकों के सशक्तिकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णयों एवं कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।

पांच संभागों में स्थापित होंगे सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस

राज्य में डेटा और तकनीकी अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए पहले वर्ष में 20 एआई डेटा लैब्स स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में पांच सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों की स्थापना और संचालन के लिए एनआईटी रायपुर तथा आईआईआईटी नया रायपुर का सहयोग लिया जा रहा है।

1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशासनिक कार्यों में एआई के प्रभावी उपयोग और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के लगभग 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के पहले चरण में आईआईआईटी, एनआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से 15 हजार शासकीय सेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

युवाओं और विद्यार्थियों के लिए विशेष पाठ्यक्रम

स्कूली विद्यार्थियों, उच्च शिक्षा संस्थानों और तकनीकी शिक्षा के छात्रों के लिए एआई आधारित विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम और डिजिटल अध्ययन सामग्री विकसित की जाएगी। पहले वर्ष में हजारों युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अनुसंधान और फेलोशिप को मिलेगा बढ़ावा

राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं के लिए अनुदान, चेयर और फेलोशिप शुरू करने के प्रस्ताव भी शामिल किए गए हैं। इससे प्रदेश में तकनीकी अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा।

बैठक में मुख्य सचिव ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न विभागों की आवश्यकताओं और उपयोगिता के अनुरूप समन्वय स्थापित कर एआई मिशन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने कहा कि मिशन के सफल क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित कर सकेगा।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव श्री राहुल भगत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सूचना प्रौद्योगिकी तथा आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव श्री बसवराजु एस., लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.