मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिलीं जनपद सदस्य कल्पना भोय, सुबरा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर रखीं महत्वपूर्ण मांगें
पंझर नाला पर उच्चस्तरीय पुलिया और 6 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग, मुख्यमंत्री ने दिया कार्यों को पूरा कराने का भरोसा
लैलूंगा। दीपावली पर्व के अवसर पर जनपद पंचायत लैलूंगा की जनपद सदस्य एवं वन एवं पर्यावरण सभापति श्रीमती कल्पना भोय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को उनके समक्ष रखा।
मुलाकात के दौरान श्रीमती कल्पना भोय ने ग्राम पंचायत सुबरा के पंझर नाला में उच्चस्तरीय पुलिया निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने बताया कि पुलिया का निर्माण होने से क्षेत्र के लगभग 50 गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बरसात के दिनों में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
इसके साथ ही ग्राम सुबरा से केशला होते हुए खुशरमुड़ा पहुंच मार्ग तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति डीएमएफ मद से प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दोनों महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
लगातार प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति
श्रीमती कल्पना भोय ने बताया कि ग्राम पंचायत सुबरा सहित अपने बीडीसी क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री निवास कैंप कार्यालय बगिया से लेकर मुख्यमंत्री निवास रायपुर तक लगातार प्रयास और संघर्ष किया है। विभिन्न मांगों को लेकर कई बार मांग पत्र सौंपकर कार्यों की स्वीकृति के लिए पहल की गई।
उनके प्रयासों से खारून नदी पर 4 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिया का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं डीएमएफ मद से स्वीकृत चार सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
डीएमएफ मद से स्वीकृत प्रमुख सड़क निर्माण कार्य इस प्रकार हैं—
- सुबरा से कटकलिया (भाग-1 एवं भाग-2)।
- कोड़केल से गेरूपानी।
- पिपराही से मुड़ापारा-डिपापारा रोड।
इन विकास कार्यों की स्वीकृति एवं सहयोग के लिए श्रीमती कल्पना भोय ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया सहित क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दीपावली मिलन में ग्रामीण भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में श्रीमती कल्पना भोय, लीलावती डुला, मणि चक्रवर्ती, सुबरा के वार्ड पंच सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास जारी रखने की बात कही।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप प्रस्तावित पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्यों को जल्द स्वीकृति मिलेगी, जिससे लगभग 50 गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिल सकेगी।


