केंद्र ने बढ़ाया DA, छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों में आक्रोश गहराया!
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, दिवाली से पहले 5% महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग
रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ के राज्य कर्मचारियों में भी महंगाई भत्ते को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी है। राज्य और केंद्र के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में अंतर को लेकर अब कर्मचारी संगठनों ने राज्य सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग तेज कर दी है।
केंद्र के कर्मचारियों को 63%, राज्य के कर्मचारियों को 58% DA!
कर्मचारी संगठन के अनुसार, केंद्र सरकार ने जुलाई 2026 से केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के राज्य कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। इस अंतर को लेकर राज्य के कर्मचारियों में असंतोष गहराने लगा है।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, दिवाली से पहले मांग पूरी करने की अपील
छत्तीसगढ़ विद्यालय शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों को महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र, जिसे संकल्प पत्र कहा जाता है, का हवाला देते हुए राज्य सरकार से दिवाली से पहले महंगाई भत्ते की लंबित मांग पूरी करने की अपील की।
संघ ने मांग की है कि राज्य कर्मचारियों को जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत तथा जुलाई 2026 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाकर कुल 5 प्रतिशत की वृद्धि दी जाए। साथ ही, इसका भुगतान एरियर्स सहित किया जाए।
‘मोदी की गारंटी और संकल्प पत्र की याद दिलाई’
प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर लंबे समय से अपने महंगाई भत्ते को लेकर निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों और मोदी की गारंटी के अनुरूप कर्मचारियों को उनका न्यायोचित हक मिलना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति और बढ़ती महंगाई को देखते हुए जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि दिवाली से पहले कर्मचारियों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे शामिल
महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत वृद्धि की मांग को लेकर संजय तिवारी के नेतृत्व में रोहित साहू, मंगल मूर्ति सोनी, शत्रुघन यादव, संतोष विश्वकर्मा, नंद कुमार सिन्हा और गिरीश वर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों की निगाहें अब सरकार के फैसले पर
केंद्र और राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में अंतर का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कर्मचारी संगठनों को उम्मीद है कि राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेगी।
अब देखना होगा कि राज्य सरकार दिवाली से पहले कर्मचारियों की इस मांग पर क्या रुख अपनाती है और महंगाई भत्ते को लेकर कोई घोषणा करती है या नहीं।
×
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
What's Hot
BREAKING NEWS
By सच


