*पदोन्नति में देरी पर शिक्षकों का फूटा गुस्सा, 5 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान*

*रायपुर, 28 सितंबर।* स्कूल शिक्षा विभाग में लंबित पदोन्नति को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने 04 अक्टूबर 2026 तक पदोन्नति आदेश जारी न होने पर *05 अक्टूबर 2026 से चरणबद्ध अनिश्चितकालीन आंदोलन* की चेतावनी दी है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (क्रमांक 013/मीडिया/2026) के अनुसार, शासन ने मई 2026 से पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की थी –
– *15 मई 2026 :* लोक शिक्षण संचालनालय ने 30 जून तक पदोन्नति पूर्ण करने के निर्देश दिए।
– *30 जून 2026 :* नई समय-सीमा 15 अगस्त तक बढ़ाई गई।
– *10 अगस्त 2026 :* वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में 30 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए।
इसके बावजूद अंतिम मियाद (30 अगस्त 2026) बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया अधूरी है। संघ का आरोप है कि विभाग मौन साधे बैठा है, जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश है।
*आंदोलन की रूपरेखा -*
– *05/10/2026 :* भिलाई से दुर्ग तक विशाल “पदोन्नति न्याय पदयात्रा”
– *06/10/2026 :* शिक्षा मंत्री के निवास के बाहर सत्याग्रह
– *07/10/2026 से :* अनिश्चितकालीन आमरण अनशन
संघ ने कहा है कि आंदोलन से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग की होगी।


