Nहजारों शिक्षक अनुपस्थित : ऑनलाइन हाजिरी VSK एप हुई ठप, रोज-रोज अपडेट से शिक्षक हलाकान

/रायपुर, 19 सितंबर।* प्रदेश के स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी के लिए अनिवार्य किया गया VSK एप आज सुबह से पूरी तरह ठप हो गया, जिससे हजारों शिक्षक आज अनुपस्थित माने गए हैं।
सुबह 7 बजे से ही शिक्षक एप पर लॉगिन करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन एप पर “Your password has expired, needs to be updated”* का मैसेज दिख रहा है। एप पहले 10 अंकों का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, फिर OTP और नया पासवर्ड मांग रहा है, लेकिन अधिकांश शिक्षकों को OTP ही प्राप्त नहीं हो रहा है।
विभागीय नियम के अनुसार सुबह 8 बजे तक ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाने पर शिक्षक को स्वतः अनुपस्थित मान लिया जाता है। इस तकनीकी खामी के कारण आज प्रदेश के हजारों शिक्षकों का एक दिन का वेतन कटने की नौबत आ गई है।
शिक्षकों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। VSK एप में रोज-रोज नया अपडेट आ जाता है। कभी सर्वर डाउन, कभी लोकेशन एरर तो कभी पासवर्ड एक्सपायर। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में जहां नेटवर्क की समस्या है, वहां शिक्षकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। शिक्षक स्कूल संभाले या दिनभर मोबाइल में एप ठीक करे।
शिक्षक संगठनों ने जिला शिक्षा अधिकारी और समग्र शिक्षा से मांग की है कि आज के दिन को तकनीकी त्रुटि मानते हुए सभी शिक्षकों की उपस्थिति को मैन्युअल रूप से मान्य किया जाए और VSK एप की रोज-रोज की अपडेट वाली बाध्यता को खत्म किया जाए।
वहीं आये दिन ऑनलाइन हाजरी सिस्टम पर शिक्षकों की निगरानी और नये अपडेट से शिक्षक पढ़ाई की जगह मोबाइल से हाजरी लगाने की टेंशन में फंसे रहते है जिससे शिक्षकों का आधा समय ऐप अपडेट करने में गुजर जा रहा।


