TET प्रमाणपत्र को लेकर सहायक शिक्षक से प्रधानपाठक पद के पदस्थापना पर संशय, 17 अगस्त को DEO घेराव
बेमेतरा। सहायक शिक्षक (एल.बी.) से प्रधानपाठक प्राथमिक शाला पद पर पदोन्नत शिक्षकों की पदस्थापना प्रक्रिया TET प्रमाणपत्र को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने पदोन्नत शिक्षकों से TET उत्तीर्ण अंकसूची एवं सेवा पुस्तिका की सत्यापित प्रति तीन दिवस में जमा करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज प्रस्तुत होने के बाद ही काउंसलिंग एवं पदस्थापना की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
इस आदेश के बाद TET प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने वाले पदोन्नत शिक्षकों में चिंता बढ़ गई है। शिक्षक संगठनों ने इसे सेवा सुरक्षा और नौकरी से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए विभाग से स्पष्ट एवं न्यायपूर्ण समाधान की मांग की है।
इसी मुद्दे को लेकर 17 अगस्त 2026 को बेमेतरा DEO कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र फेडरेशन के जिलाध्यक्ष पोखन साहू, नवीन शिक्षक संघ की महिला प्रकोष्ठ प्रांताध्यक्ष उमा जाटव, सर्व शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ चतवारे एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बसंत कौशिक कार्यकारी अध्यक्ष कौशल अवस्थी सभी ने एकराय होकर कहा कि बेमेतरा DEO कार्यालय का घेराव “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा” का यह पहला चरण है। संगठनों की मांग है कि सेवारत शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखते हुए TET के मुद्दे का स्थायी समाधान किया जाए और पदोन्नत शिक्षकों की पदस्थापना प्रक्रिया निर्बाध रूप से पूरी की जाए।


