राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान), दुर्ग में हड़ताल 12वें दिन भी जारी मुंडन कर जताया विरोध, कल विधानसभा घेराव की तैयारी तेज – ममता पटेल।
दुर्ग। राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ के बैनर तले अपनी प्रमुख मांगों को लेकर चल रहा इस दौरान रायगढ़ जिला उपाध्यक्ष ममता पटेल ने बताया कि अनिश्चितकालीन आंदोलन रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के 12वें दिन अतिथि शिक्षकों ने सरकार के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए सामूहिक मुंडन प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें आज भी नियमित शिक्षकों के समान अधिकार और सम्मान नहीं मिल पाया है। बार-बार मांग उठाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके विरोध में मुंडन कर अपनी पीड़ा और निराशा व्यक्त की गई।
संघ ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगें संविलियन/समायोजन तथा समान काम, समान वेतन हैं। जब तक इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार, 13 जुलाई को आंदोलन के अगले चरण में अर्द्धनग्न प्रदर्शन के साथ विधानसभा घेराव किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों से बड़ी संख्या में राज्य अतिथि शिक्षक रायपुर पहुंच रहे हैं। संगठन ने सभी अतिथि शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों राज्य अतिथि शिक्षकों के सम्मानजनक भविष्य और न्यायपूर्ण अधिकारों की लड़ाई है।


