गरिमामय समारोह में सेवानिवृत्त प्राचार्यों का सम्मान, प्रिंसिपल एसोसिएशन ने दी भावभीनी विदाई।
जगदलपुर जिला मुख्यालय में दिनांक 30 अप्रैल 2026 तक शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले वरिष्ठ प्राचार्यों के सम्मान में छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन, जिला बस्तर द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन सेवानिवृत्ति के पश्चात प्राचार्यों के योगदान को सम्मानित करने की एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त संचालक शिक्षा श्री एच.आर. सोम एवं जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर श्री बलीराम बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रमाकांत द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में संगठन की भूमिका और गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए सत्र 2025-26 में सेवानिवृत्त हो रहे प्राचार्यों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले प्राचार्य श्री एस.के. देवराजन, श्री गोवर्धन पाणिग्रही, श्री सी.आर. मेश्राम, श्रीमती कविता बिजोलिया एवं श्रीमती निशा बाजपेई को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी सेवानिवृत्त प्राचार्यों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए शिक्षा क्षेत्र में बिताए गए वर्षों को याद किया।
मुख्य अतिथि श्री एच.आर. सोम एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलीराम बघेल ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त प्राचार्यों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। साथ ही, इस प्रकार के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के जिला सचिव श्री अरुण देवांगन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिले के अनेक प्राचार्य, जिनमें श्री अरुण कुमार देवांगन सहित अन्य साथी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में व्याख्याता श्रीमती रेवा बोस एवं श्रीमती मोनिका जैन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन भी श्रीमती मोनिका जैन द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।


