कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने पर राज्य सरकार का आभार
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू किए जाने के निर्णय पर छत्तीसगढ़ कैशलेस चिकित्सा कर्मचारी सेवा कल्याण संघ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है।
संघ की अध्यक्ष श्रीमती उषा चंद्राकर ने जारी बयान में कहा कि यह निर्णय लंबे समय से कर्मचारियों की प्रमुख मांग रही है। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आकस्मिक चिकित्सा परिस्थितियों में आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी तथा समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को सुदृढ़ करने वाला और उनके भविष्य को सुरक्षित करने वाला है।
अध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने विशेष रूप से माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी जी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशीलता और सकारात्मक पहल के कारण यह महत्वपूर्ण निर्णय संभव हो सका है।राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में इसी प्रकार सकारात्मक और दूरगामी निर्णय लिए जाते रहेंगे।
वहीं संघ के संरक्षक श्री राकेश सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों की एकजुटता और सरकार की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होना राज्य के कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और इससे स्वास्थ्य सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।
संघ ने इस निर्णय को कर्मचारी हित में मील का पत्थर बताते हुए सरकार के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया है।


