“एक गोली, स्वस्थ भविष्य की ओर”
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर प्राथमिक शाला सिर्रीखुर्द में जागरूकता का सफल आयोजन
*सिर्रीखुर्द।*
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सिर्रीखुर्द के सरपंच श्री देवेंद्र वर्मा जी के मुख्य आतिथ्य में प्राथमिक शाला सिर्रीखुर्द में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत शाला में दर्ज कुल 35 विद्यार्थियों में से 32 बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर कृमि संक्रमण से बचाव किया गया। इस दौरान बच्चों को दवा सेवन की सही विधि, स्वच्छता के महत्व तथा कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में दी गई।
कार्यक्रम में आशा/मितानिन कार्यकर्ता श्रीमती सरस्वती कंडरा एवं श्रीमती लोकेश्वरी साहू की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। उन्होंने बच्चों के साथ-साथ उपस्थित ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर शाला के प्रभारी प्रधान पाठक एवं राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक श्री खोमन सिन्हा ने कहा कि 10 फरवरी फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में देश की निर्णायक लड़ाई का महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन से स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा का वितरण कर रहे हैं, जो शासन द्वारा नजदीकी बूथों पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा—
“दवा का सेवन कर स्वयं सुरक्षित बनें और भारत को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहभागी बनें।”
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए स्वस्थ बचपन—स्वस्थ भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में सरपंच श्री देवेंद्र वर्मा, श्री रामनाथ कुर्रे (सचिव, ग्राम विकास समिति), सेवानिवृत्त प्रधान पाठक श्री जगन्नाथ ध्रुव, मितानिन कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत सचिव श्री चिंताराम सिन्हा, श्रीमती सीता साहू (रसोईया), श्री लीलाराम मतावले (सफाई कर्मचारी) सहित छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
×
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


