Advertisement Carousel
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से खुश है किसान छन्नूराम
आसानी से टोकन कटा और धान बेचा
गरियाबंद 10 नवम्बर 2022/ राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 01 नवम्बर से की जा रही है। इससे अंचल के किसान खुश है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति गरियाबंद में धान बेचने आये ग्राम डोंगरीगांव के किसान छन्नूराम बघेल ने गुरुवार को 55 बोरी धान विक्रय किया। उन्होंने बताया कि इस बार सरकार द्वारा पिछले वर्ष की तुलना में एक माह पहले ही धान खरीदी शुरू की गई है। जिससे धान बेचने के लिए किसानों के पास पर्याप्त अवसर है। उन्होंने बताया कि अपने 2 एकड़ खेत से उत्पादित धान को यहां आसानी से बेच पाया। टोकन भी आसानी से मिल गया। इस बार ऑनलाईन टोकन की भी व्यवस्था की गई है। अपनी पत्नी के साथ धान बेचने आये छन्नूराम ने बताया कि इस वर्ष धान का उत्पादन बेहतर हुआ है। इसलिए 22 क्विंटल धान विक्रय हेतु लाये है। जिससे 44 हजार 880 रूपये उनके खाते में आयेगा। इससे वे 2 एकड़ के अलावा जो भर्री खेत है उसमें समतलीकरण का कार्य करेंगे। यहां किसानों के लिए छांव एवं पेयजल की व्यवस्था भी है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत उन्हें लाभांश भी प्राप्त हो रहा है। इस वर्ष भी उन्हें 2 एकड़ के मान से लाभांश मिलेगा। सरकार के इस पहल के लिए उन्होंने धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि जिले में 82 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किया जा रहा है। खरीदी के पहले सप्ताह तक कुल 1 लाख 65 हजार 572 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

Share.